इंदौर, पांच जून (भाषा) मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश और निर्यात के केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयासों के तहत राज्य सरकार शनिवार को इंदौर में एक सम्मेलन का आयोजन करेगी जिसमें 15 से अधिक लातिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ‘भारत-लातिन अमेरिका एवं कैरेबियाई व्यापार एवं निवेश मंच 2026’ का आयोजन मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) और ग्लोबल इंडिया बिजनेस फोरम (जीआईबीएफ) के सहयोग से किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में लातिन अमेरिकी और कैरेबियाई देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, राजनयिक प्रतिनिधियों, निवेशकों, उद्योग संगठनों और व्यापारिक प्रतिनिधियों समेत 350 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
अधिकारियों के मुताबिक सम्मेलन के दौरान मध्यप्रदेश में फार्मा, पैकेजिंग सामग्री, इंजीनियरिंग, वस्त्र निर्माण और खाद्य प्रसंस्करण समेत अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक अधोसंरचना और निर्यात क्षमता को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश का लातिन अमेरिका और कैरेबियाई क्षेत्र के देशों को निर्यात 3,835 करोड़ रुपये रहा जो 2024-25 की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है।
भाषा हर्ष धीरज
धीरज