रुद्रप्रयाग, पांच जून (भाषा) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल मार्ग पर शुक्रवार को पहाड़ी से पत्थर गिरे जिसकी चपेट में आकर एक घोड़ा संचालक की मृत्यु हो गयी तथा उसके साथ चल रहा राजस्थान का एक श्रद्धालु घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, हादसा अपराह्न करीब तीन बजे पैदल रास्ते पर गौरीकुंड से तीन किलोमीटर आगे जंगलचट्टी के पास चीरबास हैलीपैड के निकट हुआ, जहां अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। इनकी चपेट में आने से यात्रियों के लिए घोड़ा सेवा का संचालन करने वाले एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस, जिला आपदा प्रतिवादन बल, यात्री प्रबंधन बल की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया जिसे गौरीकुंड के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल व्यक्ति की पहचान राजस्थान के विष्णु के रूप में हुई है। उसके बारे में अन्य विवरण अभी नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि मृतक घोड़ा संचालक था और उसकी पहचान रुद्रप्रयाग जिले के बड़ासू निवासी देवेश सिंह (23) के तौर पर की गई है।
भाषा सं दीप्ति धीरज
धीरज