नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को 'कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम' (सीएसएएस-पीजी) के तहत 2026-27 शैक्षणिक सत्र में अपने स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की समय सीमा बढ़ा दी है। एक सार्वजनिक सूचना में यह जानकारी दी गयी है।
विश्वविद्यालय ने बताया कि उम्मीदवार अब सात जून की पूर्व समय सीमा के बजाय नौ जून को शाम 4:59 बजे तक अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं। पहले से पंजीकृत उम्मीदवार 10 जून को सुबह 10 बजे से 11 जून को शाम 4:59 बजे तक अपने आवेदन में सुधार कर सकेंगे।
प्रवेश शाखा ने सीएसएएस-पीजी प्रक्रिया के पहले और दूसरे दौर के तहत सीट आवंटन और प्रवेश के लिए कार्यक्रम की भी घोषणा की।
अधिसूचना के अनुसार, सीटों के आवंटन का पहला चरण 15 जून को घोषित किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को सीटें आवंटित की जाएंगी, उन्हें 15 से 17 जून के बीच उन्हें स्वीकार करना होगा। विभाग, केंद्र और कॉलेज 15 से 18 जून के बीच आवेदनों का सत्यापन और अनुमोदन करेंगे।
भाषा तान्या माधव
माधव