कोलकाता, पांच जून (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की उस याचिका पर सुनवाई के लिए 10 जून की तारीख तय की, जिसमें उन्होंने पार्टी विधायकों के हस्ताक्षरों से संबंधित कथित फर्जीवाड़े की सीआईडी द्वारा की जा रही जांच के मामले में किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा का अनुरोध किया है।
बनर्जी के वकीलों ने तत्काल सुनवाई के लिए अदालत के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया।
न्यायमूर्ति चैताली चटर्जी (दास) की अवकाशकालीन पीठ ने कहा कि इस मामले को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 10 जून को सुनवाई के लिए नामित नियमित पीठ के समक्ष रखा जाएगा।
सीआईडी तृणमूल कांग्रेस के दो बागी विधायकों द्वारा विधानसभा सचिवालय में दर्ज कराई गई एक शिकायत की जांच कर रही है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि बालीगंज के विधायक शोभनदेव चट्टोपाध्याय को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करने वाले पार्टी के प्रस्ताव पर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे।
विधानसभा सचिवालय ने विधायकों-रिताब्रता बनर्जी और संदीपन साहा की शिकायत पर कोलकाता पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसे राज्य के गृह सचिव द्वारा सीआईडी को हस्तांतरित कर दिया गया।
बनर्जी को सोमवार को इस मामले में सीआईडी द्वारा तलब किया गया था, लेकिन वह खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए और समय बढ़ाने का अनुरोध किया।
सीआईडी ने नए नोटिस में बनर्जी को आठ जून को जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा है।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव