जयपुर, पांच जून (भाषा) विश्व पर्यावरण दिवस पर जयपुर वैक्स म्यूजियम, नाहरगढ़ किला प्रशासन और पुरातत्व विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किला प्रांगण में पौधारोपण किया गया।
एक बयान अनुसार लगाए गए हर पौधे को देश की किसी न किसी महान हस्ती को समर्पित किया गया। महाराजा सवाई भवानी सिंह, क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, हाड़ी रानी और अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला को समर्पित पौधे लगाए गए।
जयपुर वैक्स म्यूजियम के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं है बल्कि उनको एक बच्चे की तरह देखभाल कर बड़ा करना भी है। ये पौधे आने वाली पीढ़ी के लिए वरदान साबित होंगे।
संग्रहालय प्रशासन ने इन सभी पौधों की नियमित देखरेख और सिंचाई की जिम्मेदारी भी ली है। संग्रहालय पिछले कई वर्षों से पर्यावरण दिवस पर यह पहल कर रहा है। इसका उद्देश्य पर्यटकों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के साथ देश की महान विभूतियों के बारे में जागरूक करना है।
कार्यक्रम में पुरातत्व विभाग और वन विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
भाषा पृथ्वी
धीरज
धीरज