(तस्वीरों के साथ)
नोएडा (उप्र), पांच जून (भाषा) नोएडा के सेक्टर-75 में स्थित एक आवासीय सोसायटी की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसके बाद अंदर फंसे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एहतियातन इमारत को खाली करा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गौतम बुद्ध नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि आग संभवतः एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
यह घटना सुबह करीब सात बजे सेक्टर-75 स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी में हुई, जहां 28 मंजिला इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से आग की लपटें निकलने लगीं। आस-पास के इलाकों से भी घना काला धुआं और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं।
लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने, राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और यदि कोई घायल हो तो उसे उचित उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्क रहने और राहत प्रयासों की निरंतर निगरानी करते रहने का निर्देश भी दिया है।
सीएफओ कुमार ने कहा, ‘‘सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।’’
उन्होंने बताया कि दमकल गाड़ियों के साथ-साथ एक हाइड्रोलिक उपकरण भी मौके पर भेजा गया।
कुमार ने कहा, ‘‘इमारत के अंदर दमकल उपकरण मौजूद होने के कारण, हमारे उपकरण और वाहन आग बुझाने के अभियान में शामिल नहीं हुए। आग संभवतः एयर कंडीशनर की खराबी के कारण लगी या संभवतः फ्लैट के पूजा कक्ष में लगी। हमारे कर्मियों ने फ्लैट संख्या 1203 और 1204 में प्रवेश किया और आग को पूरी तरह बुझा दिया।’’
उन्होंने बताया कि अग्निशमन दल ने फ्लैट के अंदर फंसे पति-पत्नी और उनके बच्चों को बचा लिया।
कुमार ने कहा, ‘‘छह दमकल वाहनों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।’’
सूचना मिलने के कुछ ही समय बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। निवासी सीढ़ियों के रास्ते इमारत से निकले और एहतियात के तौर पर आस-पास के फ्लैट में रहने वालों को भी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
इस बीच, आइवी काउंटी में लगी आग के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए।
कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने चिंता व्यक्त की कि दमकल गाड़ी द्वारा भूतल से इमारत की ओर फेंके जाने वाले पानी की धारा केवल छठी मंजिल तक ही पहुंचती हुई प्रतीत हुई, जबकि आग 12वीं मंजिल पर लगी थी।
कई उपयोगकर्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या नोएडा अग्निशमन विभाग ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार है, जहां 20 या 30 मंजिलों तक के टावर वाली कई ऊंची आवासीय इमारतें हैं।
चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए, सीएफओ कुमार ने कहा कि यह धारणा कि अग्निशमन वाहन की पानी की धार केवल छठी मंजिल तक ही पहुंच सकती है, घटनास्थल पर चल रहे एक अलग अभियान के कारण उत्पन्न हुई है।
उन्होंने बताया कि सोसायटी की रखरखाव टीम ने इमारत के ‘फायर हाइड्रेंट सिस्टम’ से एक पाइप जोड़ा और उसे अग्निशमन वाहन के ऊपर रख दिया ताकि प्रभावित मंजिल के नीचे की बालकनी को ठंडा किया जा सके।
वहीं, आइवी काउंटी में आग बुझाने और बचाव अभियान जारी रहने के दौरान अग्निशमन विभाग को एक अन्य घटना के बारे में सूचित किया गया जिसमें सेक्टर 52 में शताब्दी विहार के पास एक व्यावसायिक परिसर में आग लग गई।
कुमार ने बताया कि सेक्टर-52 में व्यावसायिक परिसर में आग भूतल पर स्थित एक रेस्तरां में लगे फ्रीजर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। इमारत की ऊपरी मंजिलों पर ‘पीजी’ (पेइंग गेस्ट) सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा, ‘‘दमकलकर्मियों ने इमारत से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।’’
उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
भाषा शफीक माधव
माधव