नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के होलंबी खुर्द गांव कुछ हमलावरों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। एक अधिकारी के शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मरने वाले की पहचान विकास (36) के तौर पर की गयी है। उन्होंने बताया कि वह होलंबी खुर्द का रहने वाला था, और वासु विहार कॉलोनी में नाई की दुकान चलाता था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि विकास को सिर में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है और बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विकास रात करीब 11:10 बजे जब घर पहुंचा था तो उसके सिर में चोट लगी हुई थी। उसका परिवार उसे तुरंत महर्षि वाल्मीकि अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की एक टीम ने शव का निरीक्षण किया और पीड़ित के सिर पर चोट के निशान पाए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'विकास की दुकान और उसके घर के बीच के रास्ते की जांच के दौरान, जांचकर्ताओं को होलंबी खुर्द-नया मार्ग पर एक घर के पास सड़क पर खून के धब्बे मिले।'
पुलिस ने घटनास्थल से टूटा हुआ डंडा और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल का साइड-व्यू मिरर और फुटरेस्ट भी बरामद किया।
पीड़ित के भाई की शिकायत के आधार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और
आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन