नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से शुक्रवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-
प्रादे185 गुजरात मोदी कांग्रेस
कर्नाटक में नये मुख्यमंत्री को लेकर मोदी का तंज; कहा: कांग्रेस शासित राज्यों में लोग असंतुष्ट
सूरत (गुजरात), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर अव्यवस्था और अनिश्चितता फैलाने का आरोप लगाया और कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पार्टी के शासन वाले राज्यों में लोग असंतुष्ट हैं।
दि37 कांग्रेस सेबी
‘15 लाख करोड़ रुपये के घोटाले’ की जिम्मेदारी सरकार में कौन लेगा : कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने सोना रिफाइनिंग एवं आभूषण विनिर्माण क्षेत्र की कंपनी राजेश एक्सपोर्ट्स लिमिटेड (आरईएल) से जुड़े मामले को लेकर शुक्रवार को सवाल किया कि ‘‘15 लाख करोड़ रुपये के घोटाले’’ की जिम्मेदारी सरकार में कौन लेगा तथा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कुंभकर्ण की नींद से कब जागेगा ?
अर्थ103 लीड जीडीपी वृद्धि
भारतीय अर्थव्यवस्था मार्च तिमाही में 7.8 प्रतिशत, 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की दर से बढ़ी
नयी दिल्ली, भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में मजबूत घरेलू मांग और सरकारी खर्च के कारण अनुमान से अधिक 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी। हालांकि, इस अवधि के अंत में बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति शृंखला में बाधाओं ने आर्थिक परिदृश्य पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
दि60 दिल्ली सीबीएसई प्राथमिकी
सीबीएसई के पोर्टल पर साइबर हमला: दिल्ली ने पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पोर्टल को निशाना बनाकर किए गए साइबर हमलों को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
प्रादे47 : नोएडा इमारत दूसरी लीड आग
नोएडा की आवासीय इमारत में लगी आग, परिवार को बचाया गया, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
नोएडा (उप्र), नोएडा के सेक्टर-75 में स्थित एक आवासीय सोसायटी की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसके बाद अंदर फंसे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एहतियातन इमारत को खाली करा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रादे97 बंगाल ममता बागी
तृणमूल कांग्रेस में बड़े विभाजन को रोकने के लिए ममता बनर्जी ने बागियों से संपर्क साधा
कोलकाता, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी के 28 साल के इतिहास में पहली बार हुए विभाजन के बाद पार्टी से और अधिक विधायकों के पाला बदलने को रोकने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वह व्यक्तिगत रूप से बागी विधायकों से संपर्क साध रही हैं, जबकि वरिष्ठ नेता अन्य विधायकों को एकजुट रखने के लिए काम कर रहे हैं।
प्रादे135 तमिलनाडु दूसरी लीड अन्नामलाई
अन्नामलाई ने भाजपा छोड़ी, नयी पार्टी बनाने की घोषणा की
नयी दिल्ली/चेन्नई, अपनी आक्रामक राजनीतिक शैली के कारण लोकप्रियता हासिल करने वाले और द्रविड़ दलों को सीधे चुनौती देने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया।
दि56 अदालत पीएफआई आरोप
पीएफआई के खिलाफ मामला: एनआईए अदालत ने 26 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए
नयी दिल्ली, दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को प्रतिबंधित संगठन ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएफआई) के कई शीर्ष नेताओं के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया, और कहा कि मामले में भारत सरकार को उखाड़ फेंकने तथा 2047 तक इस्लामी खलीफा का शासन स्थापित करने की साजिश का ‘‘गंभीर संदेह’’ है।
प्रादे182 मणिपुर दूसरी लीड हिंसा
मणिपुर : कांगपोकपी में एक गांव पर सशस्त्र हमलावरों के हमले में तीन लोगों की मौत
इंफाल, मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार सुबह एक गांव पर सशस्त्र हमलावरों द्वारा किए गए हमले में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रादे192 बिहार विधान परिषद उम्मीदवार
बिहार विधान परिषद चुनाव: भाजपा-जदयू ने उम्मीदवारों की घोषणा की, निशांत कुमार को मिला टिकट
पटना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बिहार विधान परिषद के आगामी द्विवार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
वि27 पुतिन भारत लीड एसयू57 जेट
राष्ट्रपति पुतिन का भारत को एसयू-57 स्टील्थ जेट का प्रस्ताव, सह-उत्पादन का दिया संकेत
सेंट पीटर्सबर्ग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नयी दिल्ली को रूस का पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ विमान सुखोई एसयू-57 देने की पेशकश की है और यह सुझाव भी दिया है कि दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप इस लड़ाकू विमान का संयुक्त उत्पादन भारत में भी किया जा सकता है।
अर्थ107 भारत अमेरिका लीड व्यापार वार्ता
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का पहला चरण जुलाई मध्य तक हो सकता है लागूः गोयल
विशाखापत्तनम, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत एवं अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते से जुड़े सभी अधूरे मुद्दों को सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और अगले महीने के मध्य तक इस समझौते का पहला चरण लागू हो जाने की संभावना है।
खेल37 खेल टेनिस ओपन महिला फाइनल संभावना
अंद्रीवा और च्वालिंस्का के बीच खिताबी जंग, फ्रेंच ओपन को मिलेगा नया विजेता
पेरिस, फ्रेंच ओपन महिला एकल फाइनल में शनिवार को दो उभरती हुई खिलाड़ियों के बीच मुकाबला होगा, जब रूस की 19 वर्षीय मीरा अंद्रीवा का सामना पोलैंड की माया च्वालिंस्का से होगा।
भाषा शफीक माधव
माधव