कोलकाता, पांच जून (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्य विपक्षी तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार पर शुक्रवार को आक्रोशित भीड़ ने उस समय अंडे फेंके, जब पुलिस तलाशी के लिए उन्हें शहर के सॉल्ट लेक स्थित एक फ्लैट पर ले गई थी।
मजूमदार को संपत्ति पर अवैध कब्जे और उसके मालिक को धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और इसी सिलसिले में पुलिस उन्हें तलाशी के लिए ले गई थी। वहां पर स्थानीय निवासी जमा हो गए थे और उन्होंने नारेबाजी करते हुए अंडे फेंके।
मजूमदार को ले गए पुलिस कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आक्रोशित भीड़ से उन्हें बचाया और फ्लैट के अंदर ले गई।
बिधाननगर उत्तर पुलिस थाना में की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को मजूमदार को गिरफ्तार किया। उनपर आरोप लगाया गया है कि वह कई वर्षों से फ्लैट पर कब्जा किए हुए थे और जब उन्हें परिसर खाली करने या किराया देने के लिए कहा गया तो उन्होंने मालिक को धमकी दी थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांचकर्ता शुक्रवार को मजूमदार को जांच के तहत फ्लैट में ले गए। पुलिस वाहन से उतरते ही भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उन पर संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा इमारत के भीतर ले जाने से पहले उन पर कई अंडे फेंके गए।
शुक्रवार की घटना पहली बार नहीं है जब मजूमदार को जनता के विरोध का सामना करना पड़ा है।
मजूमदार जब 2019 के लोकसभा चुनाव में करीमपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार थे तब प्रचार के दौरान हुई राजनीतिक झड़प में उन्हें लात मारकर दलदली खेत में धकेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। भाजपा ने तब उक्त घटना के लिए तृणमूल के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया था।
मजूमदार 2021 में पाला बदलकर तृणमूल में शामिल हो गए थे।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश