Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

गोवा : ऑनलाइन ट्रोल किये जाने से परेशान छात्र ने आत्महत्या की

पणजी, पांच जून (भाषा) उत्तरी गोवा के मापुसा कस्बे के पास 23 वर्षीय एक कॉलेज छात्र ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे कूड़ा फेंकने का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था और कानूनी कार्रवाई शुरू होने के बाद उसे ऑनलाइन आलोचना का सामना करना पड़ा था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सैमुअल गार्विन डी ब्रागांका ने बृहस्पतिवार रात अपने घर के बाथरूम में आत्महत्या कर ली।

मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने पुलिस को मामले की गहन जांच करने का निर्देश दिया।

सैमुअल के परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कूड़ा फेंकने के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर आलोचना (ट्रोलिंग) की वजह से वह अवसाद में चला गया था।

उन्होंने बताया कि सड़क किनारे कूड़े से भरा थैला फेंकते हुए उसका एक वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया था और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया था।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि सैमुअल के इस कृत्य के संबंध में मापुसा पुलिस थाना में उसके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सैमुअल के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। उन्होंने बताया कि सैमुअल को भी पुलिस थाने बुलाया गया और कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत उसे नोटिस जारी किया गया।

पुलिस ने बताया कि सैमुअल द्वारा खुद को गोली मारने के बाद, परिजन उसे मापुसा के एक अस्पताल में ले गए। उसने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सैमुअल की मौत के बाद परिजनो ने वीडियो रिकॉर्ड करने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग की है।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत