Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

ओडिशा: शिक्षा कार्यालय का कनिष्ठ सहायक 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बालासोर (ओडिशा), पांच जून (भाषा) ओडिशा के भद्रक जिले में जिला शिक्षा कार्यालय में तैनात एक कनिष्ठ सहायक को सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को एक निजी स्कूल के प्रबंधन से जुड़े सदस्य से कथित तौर पर 10,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने जिले के एक निजी स्कूल के पक्ष में मान्यता प्रमाणपत्र जारी करने से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के लिए कथित तौर पर इस रिश्वत की मांग की थी।

सतर्कता विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वासुदेवपुर ब्लॉक में स्थित स्कूल के अधिकारियों ने कनिष्ठ सहायक से बिना किसी रिश्वत के फाइल को आगे बढ़ाने का बार-बार अनुरोध किया था।

हालांकि, उसने कथित तौर पर काम करने के बदले 10,000 रुपये के भुगतान पर जोर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि कोई अन्य विकल्प न बचने पर स्कूल के प्रधानाध्यापक ने सतर्कता विभाग से संपर्क किया और एक शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सतर्कता विभाग के दल ने जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर जब्त कर ली गई।

आरोपी के खिलाफ बालासोर सतर्कता पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी के बाद, कनिष्ठ सहायक की संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों की जांच के लिए क्योंझर जिले में स्थित उसके आवास सहित दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप