Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के 18 ‘नमो ऑक्सीजन पार्कों’ का किया लोकार्पण

नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को 18 ‘नमो ऑक्सीजन पार्कों’ का लोकार्पण किया।

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दक्षिण दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके में एक पार्क में पौधे भी रोपे।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के तीन नीतिगत दस्तावेज भी जारी किए गए जिनमें पर्यावरण शासन, संरक्षण और सतत विकास पर दिल्ली के लिए कार्य योजना (2026-27 से 2036-37), असोला भट्टी वन्यजीव अभयारण्य के लिए प्रबंधन योजना (2024-25 से 2034-35) और दिल्ली बर्ड एटलस शामिल हैं।

दिल्ली सरकार की योजना के अनुसार इन 18 पार्कों के तहत आने वाले कुल 185.42 एकड़ क्षेत्र को हरित जोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस योजना के तहत बड़ी संख्या में पौधे लगाए जा रहे हैं।

दिल्ली सरकार का लक्ष्य शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए कुल 100 नमो ऑक्सीजन पार्क स्थापित करना है।

गुप्ता ने बताया कि ये ‘नमो ऑक्सीजन पार्क’ सामान्य पार्कों से अलग हैं क्योंकि यहां केवल पीपल, बरगद, जामुन और आम जैसी स्वदेशी व पर्यावरणीय रूप से लाभकारी प्रजातियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि ये पेड़ अधिक ऑक्सीजन देने के साथ-साथ स्थानीय जैव विविधता और पक्षियों के प्राकृतिक आवास को समृद्ध करेंगे।

गुप्ता ने कहा, 'इस वर्ष दिल्ली सरकार ने एक हरित बजट पेश किया है जिसमें बजट का 21 प्रतिशत हिस्सा हरित परियोजनाओं के लिए चिन्हित किया गया है। सरकार का इस साल 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है।'

उन्होंने कहा कि सरकार न केवल पेड़ लगाना चाहती है बल्कि उनकी रक्षा पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सरकारी विभागों को हरित भवनों के विकास और पेड़ों की रक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में हरित क्षेत्र को बढ़ाने से वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सकती है।

गुप्ता ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर हम विशाल वृक्षारोपण अभियान और 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों के उद्घाटन के साथ स्वच्छ, हरित और स्वस्थ दिल्ली मिशन को जनअभियान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा, ' मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करती हूं कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ें और एक पौधा अवश्य लगाएं। आइए, मिलकर आने वाली पीढ़ियों के लिए दिल्ली को और स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाएं।'

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मैदानगढ़ी के नमो ऑक्सीजन पार्क में आयोजित कार्यक्रम शहरी हरित क्षेत्रों के विस्तार, वायु गुणवत्ता में सुधार और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान ने वृक्षारोपण को कृतज्ञता, जिम्मेदारी और पर्यावरण चेतना से जुड़े एक जन आंदोलन में सफलतापूर्वक बदल दिया है।

कार्यक्रम में उपस्थित दिल्ली के पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से हरित क्षेत्र का विस्तार करना, स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देना और एक स्वस्थ दिल्ली का निर्माण करना है।

भाषा नोमान नोमान प्रशांत

प्रशांत