पणजी, पांच जून (भाषा) मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को 'स्वच्छ गोवा, हरित गोवा' पहल के हिस्से के रूप में 90 दिनों में 10 लाख पौधे लगाने के एक विशेष अभियान की शुरुआत की।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सावंत ने महाराष्ट्र की सीमा से सटे पतरादेवी गांव से इस अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा, 'जलवायु परिवर्तन एक वास्तविकता है और अब इसे पलटने (सुधारने) का समय आ गया है। सामान्य तौर पर मानसून की शुरुआत के साथ पांच जून तक भारी बारिश की उम्मीद की जाती है। लेकिन इस बार मानसून में देरी हुई है और हम सब इसके पीछे का कारण जानते हैं।'
पत्रादेवी का दौरा करने के बाद पणजी में एक राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हरियाली बनाए रखने के प्रयास किए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'पांच जून से पांच सितंबर के बीच पूरे राज्य में कुल 10 लाख पौधे लगाए जाने चाहिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के किनारे एक बड़ा वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। निजी संपत्तियों के मालिक भी सरकार से फलदार पौधे खरीद सकते हैं। आप फलों का आनंद ले सकते हैं और हम ऑक्सीजन का आनंद लेंगे।'
सावंत ने बताया कि गोवा 68 प्रतिशत हरित क्षेत्र वाला राज्य है।
उन्होंने कहा, 'राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण पर बड़े पैमाने पर खर्च कर रही है। एक सरकारी पहल के तहत 25 आर्द्रभूमियों (वेटलैंड्स) को अधिसूचित कर संरक्षित किया गया है, जबकि 168 प्रमुख जल निकायों का जीर्णोद्धार किया गया है।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में जैव विविधता समितियों का गठन किया गया है।
भाषा सुमित रंजन
रंजन