मेदिनीनगर, पांच जून (भाषा) झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को अधिकारियों को अफीम की खेती, संगठित अपराध और साइबर अपराधों पर कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद को राज्य से लगभग पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है।
उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद डीजीपी ने पत्रकारों को बताया कि पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों के अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण सहित कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मिश्रा ने कहा, “हमने मुख्य रूप से इन तीन जिलों में पुलिस बल के लिए संगठित अपराध, मादक पदार्थों और महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों को नियंत्रित करने और कम करने के लिए समस्याओं और आवश्यकताओं की समीक्षा की। लापता बच्चों की बरामदगी के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया जा रहा है।'
मिश्रा ने कहा, 'फिलहाल गढ़वा से दो बच्चे लापता हैं और एक मामला लातेहार से सामने आया है।'
भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर डीजीपी ने कहा कि नागरिक प्रशासन की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जहां भी पुलिस सहायता की आवश्यकता होगी, वह प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में नक्सलवाद की समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है। डीजीपी ने बताया कि पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों की पुलिस, अपराधियों के खिलाफ मिलकर काम कर रही है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत