Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ प्रमुख के साथ बैठक की

इंफाल, पांच जून (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक के साथ बैठक की, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जनविश्वास बनाए रखने के उपायों पर चर्चा की गई।

सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह मणिपुर के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं।

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच पर जारी एक संदेश में कहा, 'राज्य के आधिकारिक दौरे पर आए सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज सचिवालय में मुलाकात की।'

उन्होंने कहा, 'राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सीआरपीएफ के अमूल्य योगदान की सराहना की गई। मणिपुर सरकार सुरक्षा को मजबूत करने, जनविश्वास बनाए रखने और सभी समुदायों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।'

पूर्वोत्तर राज्य के अपने दौरे के दूसरे दिन सीआरपीएफ प्रमुख ने उग्रुल जिले के लितान में बल के जवानों से मुलाकात की।

एक अधिकारी ने बताया कि महानिदेशक ने शिविर की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ जमीनी स्तर पर परिचालन संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की, जिसके बाद वह जवानों के साथ जलपान में शामिल हुए।

सीआरपीएफ महानिदेशक ने इंफाल समूह केंद्र में शहीद स्मारक पर जाकर सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच भड़की हिंसा में कम से कम 260 लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।

भाषा

सुमित दिलीप

दिलीप