केंद्रपाड़ा, पांच जून (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक सप्ताह से अधिक समय से लापता एक दलित युवक का सड़ा-गला शव शुक्रवार को झाड़ियों से बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि हत्या के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जिले के महादेईपटना गांव निवासी 23 वर्षीय गौरांग सेठी 27 मई से लापता था। उसके पिता अरुण सेठी ने 29 मई को प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया था कि गांव के छह लोगों ने उनके बेटे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसी गांव के निवासी प्रताप महाकुड़ा को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान महाकुड़ा ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और शव को ठिकाने लगाए जाने की जगह की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने पेटापड़ा गांव के निकट एक झाड़ी से बोरे में बंद सड़ा-गला शव बरामद किया। घटनास्थल से बरामद एक जूते की मदद से परिजनों ने मृतक की पहचान की।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपियों को गौरांग सेठी से पुरानी रंजिश थी। आरोप है कि पिछले महीने उसने गांव में कुछ वाहनों के शीशे तोड़ दिए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर लोहे की रॉड और बांस की लाठियों से उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कटारिया ने बताया कि शव बरामद होने वाले स्थान का फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने निरीक्षण किया है।
उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान की अंतिम पुष्टि के लिए उसके परिजनों के डीएनए नमूने लिए जाएंगे।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश