Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

बिहार: गया जी जिले में प्लंबर के बैंक खाते में अचानक आए 294 करोड़ रुपये, जांच शुरू

गया जी, पांच जून (भाषा) बिहार के गया जी जिले में एक प्लंबर के बैंक खाते में 294 करोड़ रुपये से अधिक कथित तौर पर जमा हो गये। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

प्लंबर विकास कुमार जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के मस्तपुरा गांव का निवासी है।

पुलिस धनराशि के स्रोत और संभावित बैंकिंग अनियमितताओं की जांच कर रही है।

बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया, ‘‘यह एक संवेदनशील वित्तीय मामला है। बैंक रिकॉर्ड, सर्वर लॉग, वित्तीय लेन-देन आईडी और संबंधित खातों की गहन जांच की जा रही है।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खाते में इतनी बड़ी राशि जमा होना किसी बड़े बैंकिंग त्रुटि, तकनीकी खामी या किसी अन्य वित्तीय प्रक्रिया का परिणाम है।

अधिकारी ने बताया कि मामले में अभी तक कोई निष्कर्ष नहीं निकला है और जांच जारी है।

विकास ने बताया कि उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि यह राशि कहां से आई और उसने इसका उपयोग करने का कोई प्रयास नहीं किया।

उसने कहा, ‘‘मैं एक साधारण व्यक्ति हूं। इतनी बड़ी रकम मेरे लिए असंभव है और मुझे नहीं पता कि यह पैसा कहां से आयी।’’

विकास के अनुसार, जब उसने बृहस्पतिवार सुबह अपना बैंक विवरण देखा तो उसमें करीब 94 करोड़ रुपये दिखाई दे रहे थे, जो शाम तक बढ़कर लगभग 294 करोड़ रुपये हो गए।

उसने बताया कि इससे पहले उसके खाते में केवल 113 रुपये थे क्योंकि उसने एक ग्राहक द्वारा भेजे गए लगभग 1,300 रुपये निकाल लिए थे।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र