Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

मोहाली के कार्यालय में पूर्व प्रेमी ने महिला की चाकू मारकर हत्या की

चंडीगढ़, पांच जून (भाषा) मोहाली में एक निजी कंपनी के कार्यालय के भीतर 29 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर उसके सहकर्मी और ठुकराए हुए प्रेमी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह भयावह घटना अन्य लोगों के सामने घटित हुई। पुलिस के मुताबिक, सहकर्मियों ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे विफल रहे।

मोहाली के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले की यह नृशंस वारदात बृहस्पतिवार शाम को हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी हरविंदर मान (34) ने डिंपल पर चाकू से कई बार हमले किये और उसके बाद उसी चाकू से खुदकुशी करने की कोशिश की। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डिंपल को मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि मान ने डिंपल पर चाकू से हमले के करीब 30 जख्म थे।

उन्होंने बताया कि मान के माता-पिता अमेरिका में रहते हैं। मान का इलाज किया जा रहा है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मान और डिंपल दोनों पटियाला के निवासी हैं, एक ही दफ्तर में काम करते थे और मोहाली में अलग-अलग पेइंग गेस्ट हाउस में रहते थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों मोहाली के बेस्टेक मॉल के पास स्थित एक प्रक्रिया-उन्मुख माल ढुलाई ब्रोकरेज और व्यवसाय सहायता कंपनी एसआरपी लॉजिस्टिक्स में लगभग तीन साल से एक साथ काम कर रहे थे।

घटनास्थल से मिले कथित सीसीटीवी फुटेज में भयावह दृश्य साफ नजर आ रहा है, जिसमें आरोपी कंप्यूटर टेबल पर बैठी डिंपल के पीछे आकर उस पर हमला करते दिख रहा है, जबकि डिंपल के बाईं और दाईं ओर खाली कुर्सियां हैं। वीडियो में कुछ दूरी पर बैठा एक कर्मचारी कमरे में आए व्यक्ति से अनजान प्रतीत होता है।

इसके बाद डिंपल भागने की कोशिश करती है लेकिन वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति जो संभवत: मान है, उसके बाल पकड़कर उसे घसीटता है। जब उसके सहकर्मी उसकी मदद के लिए दौड़ते हैं, तो वह कथित तौर पर उनकी ओर चाकू लहराता है और हमला जारी रखता है।

घटना के समय पाली में बदलाव हो रहा था और उस समय केवल दो से तीन लोग ही वहां मौजूद थे।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, डिंपल और मान ‘अच्छे दोस्त’ थे और कुछ महीने पहले ही दोनों अलग हुए थे। पुलिस के एक अधिकारी ने हत्या से पहले की घटनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मान ने डिंपल से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन डिंपल ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।

मोहाली फेज 11 पुलिस थाना के प्रभारी अमन बैदवान ने बताया, ‘‘वे पहले बहुत अच्छे दोस्त थे, लेकिन बाद में उनके बीच कुछ मतभेद हो गए।’’

बैदवान के मुताबिक, शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि मान अपनी पूर्व प्रेमिका से अलग होने के बाद से अवसाद में था और उसी दौरान उसका संपर्क डिंपल से हुआ।

पटियाला में डिंपल के परिवार वालों ने बताया कि वह एक हंसमुख लड़की थी। डिंपल के एक शोक संतप्त रिश्तेदार ने संवाददाताओं को बताया कि वह सप्ताहांत में घर आती थी और उन्हें कभी ऐसी आशंका नहीं थी कि ऐसा कुछ हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद डिंपल का शव परिवार को सौंप दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, उसने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। उसने बताया कि चिकित्सकों की अनुमति मिलने के बाद मान का बयान दर्ज किया जाएगा।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप