Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

झारखंड में पूर्व उप मुखिया की हत्या के मामले में पांच लोग गिरफ्तार

चाईबासा, पांच जून (भाषा) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में पूर्व उप मुखिया की हत्या में कथित तौर पर शामिल पांच लोगों को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पीड़ित संजय बोइपाई (40) की रविवार रात चक्रधरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुइगांव गांव में उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संजय गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया थे।

पुलिस के अनुसार, बोइपाई अपने घर के आंगन में सो रहे थे जब मोटरसाइकिल पर सवार तीन हमलावर आए और उन पर करीब से गोलियां चलाईं।

चाईबासा एसडीपीओ बहमन तुती ने पत्रकारों को बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी अमित रेनू ने इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक-सह-उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (चक्रधरपुर) की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

तुती ने बताया कि एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीजू चौधरी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने कथित तौर पर हत्या को अंजाम देने के लिए भाड़े के चार हत्यारे लिए थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि चौधरी का बोइपाई के साथ जमीन के एक टुकड़े को लेकर लंबे समय तक विवाद और व्यक्तिगत दुश्मनी थी, जिसके बाद बोइपाई को खत्म करने के लिए चौधरी को काम पर रखा गया था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को कथित तौर पर यह बात बताई।

आरोपियों में चौधरी के अलावा सुरेश सोय (20), कप्तान होनहागा उर्फ ​​टाटा (31), गुने हिंदू अंगरिया उर्फ ​​मोटा (22) और बुधु बोदरा (27) शामिल हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्तौल, चार कारतूस, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

भाषा तान्या नरेश

नरेश