नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने आदर्श नगर में मार्च में एक शख्स की हत्या करने के बाद फरार हुए आरोपी को बिहार में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सुमन कुमार झा (45) को रमेश यादव उर्फ रावण की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को यादव घायल अवस्था में मिला था जिसके बाद उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया था और वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसी सिलसिले में 26 मार्च को आदर्श नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए एक टीम गठित की गई जिसने स्थानीय और तकनीकी जानकारी जुटाने के साथ-साथ लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
एक अधिकारी ने बताया कि जांच, तकनीकी विश्लेषण एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर झा की संलिप्तता स्थापित हुई। झा नेपाल के सप्तरी का निवासी है और हरियाणा के गुरुग्राम में रहता था।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया है।
अधिकारी के मुताबिक, 28 मई को एक मुखबिर ने सूचना दी कि वांछित बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास महादेव मठ की ओर अपने एक सहयोगी से मिलने तथा आवश्यक सामान लेने जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ा लिया, लेकिन आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर हमला करने एवं उनसे हाथापाई करने का प्रयास किया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को निकटतम थाने ले जाया गया, जहां स्थानीय पुलिस की सहायता से आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और बाद में स्थानीय पुलिस के सहयोग एवं समन्वय से आरोपी को सुरक्षित दिल्ली लाया गया।
अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी बताया कि घटना से तीन-चार दिन पहले उसने और यादव एक साथ शराब पी रहे थे, जिस दौरान उनके बीच विवाद हो गया था और इसी के चलते उसने, 23 मार्च को जब यादव सोया हुआ था तब एक पत्थर से उसके सिर पर कई बार वार किए।
भाषा नोमान
नोमान राजकुमार
राजकुमार
राजकुमार