Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

उत्तराखंड: एसआईआर प्रक्रिया के तहत बीएलओ आठ जून से घर-घर जाकर बाटेंगे गणना फार्म

देहरादून, पांच जून (भाषा) उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत आठ जून से एक माह तक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना फार्म का वितरण और संकलन करेंगे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस दौरान अगर कोई मतदाता उपलब्ध नहीं होता तो उसके घर का तीन बार दौरा किया जाएगा।

उत्तराखंड के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया शुरू हो गयी है और सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ का तीन चरणों में प्रशिक्षण व गणना फार्मों की शत प्रतिशत छपाई का काम पूरा हो गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर प्रक्रिया संपन्न की जा रही है।

जोगदण्डे ने बताया कि आठ जून से सात जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म का वितरण एवं संकलन करेंगे और इस एक माह के दौरान मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएओ एप के माध्यम से अपलोड करेंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अवधि में अगर कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं है तो बीएलओ तीन बार उसके घर पर जाएंगे ।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्ति दर्ज किए जा सकेंगे।

अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस जारी कर दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

जोगदण्डे ने बताया कि प्रदेश में 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर उसे भर कर अपलोड कर सकते हैं।

अधिकारी ने बताया कि इस प्रकिया के दौरान अपर कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाना चाहता है तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर फार्म छह भर सकता है, जिस पर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के समय विचार किया जाएगा।

भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र