नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पोर्टल को निशाना बनाकर किए गए साइबर हमलों को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इस पोर्टल को कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन जैसी सेवाओं के लिए दो जून को शुरू किया गया था।
पुलिस के अनुसार, सीबीएसई द्वारा ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस’ (आईएफएसओ) इकाई में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 और 43(एफ) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सीबीएसई ने इससे पहले कहा था कि उसने अपने ‘पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज पोर्टल’ पर समन्वित और परिष्कृत साइबर हमलों की एक श्रृंखला का पता लगने के बाद दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था।
बोर्ड ने कहा कि पिछले तीन दिनों से उसके पोर्टल पर लगातार साइबर हमले किए जा रहे थे।
सीबीएसई ने दावा किया कि सभी हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया गया और उसके प्रणाली से किसी भी प्रकार की डेटा चोरी या उस तक अनधिकृत पहुंच का पता नहीं चला।
यह घटनाक्रम कक्षा 12 के कुछ छात्रों की शिकायतों को लेकर उठे विवाद के बीच सामने आया है। छात्रों का आरोप है कि बोर्ड द्वारा अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां उनकी लिखावट से मेल नहीं खातीं। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
भाषा नोमान
नोमान पवनेश
पवनेश