Breaking News

Delhi: द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास जल भराव के चलते किया गया बंद     |   प्रशांत किशोर बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव, जनसुराज ने किया ऐलान     |   दिल्ली में बारिश को लेकर बड़ी चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट     |   यमन के पास रेड सी में कार्गो शिप पर अटैक, ब्रिटिश मिलिट्री ने दी जानकारी     |   अयोध्या: चढ़ावा चोरी के आरोपियों के मोबाइल डाटा से 2 करोड़ से अधिक की चोरी के chat मिले     |  

दक्षिणी दिल्ली में अनधिकृत प्रतिष्ठानों को ध्वस्त एवं सील करने की कार्रवाई शुरू

नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने शुक्रवार को दक्षिण दिल्ली में अनधिकृत प्रतिष्ठानों को ध्वस्त एवं सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई ऐसे समय में की जा रही है जब पिछले दिनों हौजरानी में ‘बेड-एंड-ब्रेकफास्ट’ योजना वाले एक होटल में आग लगने से विदेशियों समेत 21 लोगों की मौत हो गयी।

अधिकारियों ने बताया कि इससे अनुमत क्षमता से अधिक संचालन और स्वीकृत भवन योजना के अभाव जैसे बड़े पैमाने पर उल्लंघनों का खुलासा हुआ है।

अधिकारियों के अनुसार, एमसीडी के दक्षिणी जोन में खानपुर के एमजी रोड के पास सुल्तानपुर इलाके में अवैध इमारतों और प्रतिष्ठानों को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चिराग दिल्ली इलाके में भी इसी तरह की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

मालवीय नगर के कुछ हिस्सों में भी तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक सैद- उल- अजैब क्षेत्र में भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन के चलते 40 से अधिक मकानों को सील करने के लिए चिन्हित किया गया है। इसके अलावा, हौज रानी और मालवीय नगर में ‘बेड-एंड-ब्रेकफास्ट’ (बी एंड बी) योजना वाले कम से कम 12 होटलों को भी चिह्नित किया गया है।

अधिकारियों का कहना था कि दक्षिण दिल्ली में सैद-उल-अजैब, हौज खास गांव और आसपास के इलाकों में कई रेस्तरां सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में हैं।

भारी सुरक्षा तैनाती के बीच, एमसीडी अधिकारियों ने शुक्रवार को दक्षिण जोन के कुछ हिस्सों में भवन उपनियमों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वाली संरचनाओं को ध्वस्त करने और सील करने की कार्रवाई शुरू की।

अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के तहत सुल्तानपुर के पास घिटोरनी इलाके में एक फार्महाउस में बनाये जा रहे दो मंजिला बाज़ार परिसर को ध्वस्त कर दिया जाएगा, क्योंकि मालिक ने ज़मीन का उपयोग अवैध रूप से बदल दिया था। इस बाज़ार परिसर में कई लग्ज़री दुकानें खोलने की योजना थी।

एक अधिकारी ने बताया, “तोड़फोड़ अभियान के लिए खुदाई मशीनों समेत भारी मशीनें लगायी गई हैं।”

एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हौज खास गांव में दो इमारतों को पहले ही सील कर दिया गया है, सैद- उल- अजैब में छह इमारतों की पहचान की गई है, जिन्हें सील कर दिया जाएगा और आसपास के इलाकों में कुछ अन्य इमारतों को भी सील किया जाएगा।”

उन्होंने बताया, “हौज रानी इलाके के पास, जिन अनधिकृत प्रतिष्ठानों की पहचान की गई है, उन्हें जल्द ही सील कर दिया जाएगा और हम ‘बेड-एंड-ब्रेकफास्ट’ के लाइसेंस रद्द होने का इंतजार कर रहे हैं।”

अधिकारियों के अनुसार, सीलिंग अभियान के लिए एमसीडी की कई कनिष्ठ और सहायक अभियंताओं वाली कम से कम चार टीम तैनात की गई हैं।

दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार को अग्नि सुरक्षा मानदंडों व भवन उपनियमों का उल्लंघन कर रहे प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने और उनके खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई शुरू करने के लिए जिला स्तरीय व उपमंडल स्तरीय समितियों का गठन किया था।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश