केंद्रपाड़ा, पांच जून (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में कथित तौर पर अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए धमाके की चपेट में आकर 74 वर्षीय एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात को मार्शाघाई पुलिस थाना क्षेत्र के ओस्ताराहट गांव में घटी।
पुलिस के मुताबिक घायल महिला की पहचान बिलासिनी मलिक के रूप में हुई है। उसने बताया कि महिला को पहले मार्शाघाई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया था और बाद में हालत बिगड़ने पर केंद्रपाड़ा स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
मार्शाघाई पुलिस थाने के निरीक्षक तपन नायक ने बताया कि यह घर गदाधर मलिक का था, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर अस्थायी पटाखा निर्माण इकाई के तौर पर किया जा रहा था और वहां अवैध रूप से पटाखे जमा करके रखे गए थे, जिनमें धमाका हो गया।
उन्होंने बताया कि घटना के समय उक्त मकान में कोई मौजूद नहीं था और घायल महिला वहां से गुजर रही थी।
नायक ने बताया, ‘‘ धमाके के बाद मकान में भीषण आग लग गई और दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में लगभग तीन घंटे का समय लगा।’’
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक प्रकृति के संदिग्ध रासायनिक पदार्थ बरामद किए। उन्होंने बताया कि जब्त किए गए नमूनों को उनकी संरचना और उत्पत्ति का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि भारतीय विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश