श्रीनगर, पांच जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को गांदरबल के खीर भवानी मंदिर में यात्री भवन का उद्घाटन किया और कहा कि इससे देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की मेजबानी करने की मंदिर की क्षमता में वृद्धि होगी।
तुलमुल स्थित इस मंदिर की जम्मू कश्मीर में काफी मान्यता है।
नई सुविधाओं को जनता को समर्पित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि नया यात्री भवन सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक आवास सुविधाएं प्रदान करके तीर्थयात्रा के अनुभव में काफी सुधार करेगा।
श्रीनगर से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित इस मंदिर में वर्ष भर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ ज्येष्ठ अष्टमी के दिन उमड़ती है जब वार्षिक खीर भवानी मेला लगता है।
सिन्हा ने कहा, 'माता खीर भवानी के आशीर्वाद से मैंने 2024 में ज्येष्ठ अष्टमी के दिन आधारशिला रखी थी। यह परियोजना भारत और विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए मंदिर की क्षमता को बढ़ाएगी। मेरा लक्ष्य मंदिर आने वाले कश्मीरी पंडित समुदाय को उत्कृष्ट सुविधाएं और एक शांत आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना रहा है।'
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मंदिर परिसर के भीतर 3.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस सुविधा में को लगभग 800-900 तीर्थयात्रियों के लिए बनाया गया है।
इससे पहले, उपराज्यपाल ने मंदिर में दर्शन किए और शांति, समृद्धि तथा सभी के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
भाषा
शुभम माधव
माधव