(फाइल फोटो के साथ)
जम्मू, पांच जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से प्रभावित चिसोटी क्षेत्र में एक स्वचालित मौसम स्टेशन की स्थापना की घोषणा की जो इस क्षेत्र में मौसम पूर्वानुमान और आपदा तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में मछैल माता मंदिर का प्रवेश द्वार माने जाने वाले चिसोटी गांव में 14 अगस्त, 2025 को बादल फटने से भारी तबाही मची थी। इस घटना में 65 लोगों की जान चली गई जिनमें ज्यादातर तीर्थयात्री थे।
तीस से अधिक लोगों का अब तक कुछ अता-पता नहीं चला है।
सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा,‘‘ पिछले साल चिसोटी में आयी आपदा पर चर्चा लगातार चलती रही और उसी के आलोक में उस स्थान पर एक स्वचालित मौसम केंद्र एवं एक भूकंप विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परियोजना को जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा क्योंकि जिला प्रशासन केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि पहले ही मंजूरी कर चुका है।
सिंह ने कहा, ‘‘मैंने कल ही किश्तवाड़ के उपायुक्त से बात की थी। उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने भूमि को पहले ही मंजूरी दे दी है, इसलिए हम आगे बढ़ सकते हैं। हमने प्रशासन से परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।’’
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश