Breaking News

गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल     |   उत्तराखंड: बागेश्वर सहित 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद     |   महाराष्ट्र: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पूरी तरह बंद     |   अयोध्याः श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक आज, चंपत राय के इस्तीफे पर होगा फैसला     |   ऑस्ट्रेलिया ने जीता महिला क्रिकेट विश्व कप, जय शाह ने दी बधाई     |  

मौसम पूर्वानुमान और आपदा से निपटने की तैयारियों के लिए जम्मू को क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र मिला

जम्मू, पांच जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को जम्मू में एक नए क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की स्थापना की औपचारिक घोषणा की। यह जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में मौसम पूर्वानुमान और आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू में स्थापित किया गया नया मौसम विज्ञान केंद्र अत्याधुनिक 'एक्स-बैंड डॉप्लर वेदर रडार' प्रणाली और स्वचालित मौसम स्टेशनों के विस्तारित नेटवर्क के साथ मौसम संबंधी अवलोकनों को एकीकृत करेगा, जिससे उत्तर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वास्तविक समय में मौसम की निगरानी, ​​पूर्वानुमान की सटीकता और प्रारंभिक चेतावनी क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

सिंह ने कहा कि इससे तीन घंटे पहले तक अत्यधिक सटीक मौसम पूर्वानुमान संभव हो सकेगा।

उन्होंने कहा, 'पर्यटकों, पर्वतीय क्षेत्रों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के लिए विशेष मौसम पूर्वानुमान जारी किए जाएंगे। कृषि, विमानन और तीर्थयात्रा से संबंधित हेलीकॉप्टर संचालन जैसे क्षेत्रों के लिए भी समर्पित पूर्वानुमान सेवाएं उपलब्ध होंगी।'

मंत्री ने कहा कि उन्नत मौसम संबंधी अवसंरचना प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और एक विकसित भारत की परिकल्पना में योगदान देगी।

उन्होंने कहा, 'अचानक आने वाली बाढ़, बादल फटने, हिमस्खलन, भारी हिमपात, गरज के साथ वर्षा और भूस्खलन के लिए समय पर पूर्वानुमान और पूर्व चेतावनी से जान बचाने और आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। बाढ़ प्रबंधन, विमानन संचालन और कृषि गतिविधियों के लिए अलग-अलग पूर्वानुमान तंत्र तैयार किए गए हैं।'

भाषा

शुभम माधव

माधव