शिलांग, पांच जून (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यहां पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के बाद पौधे रोपना एक जन आंदोलन बन गया है।
नड्डा ने कहा कि मोदी द्वारा शुरू किए गए अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को व्यक्तिगत जिम्मेदारी से जोड़ा है और देश भर के करोड़ों लोगों को एक बेहतर भविष्य में योगदान देने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोदी ने 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम शुरू किया। इसके तहत, देश भर में लाखों भाजपा कार्यकर्ता विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पौधे लगा रहे हैं।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, पारिस्थितिकी संरक्षण और सतत विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाता है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के रूप में एक पौधे से शुरू हुई पहल आज करोड़ों लोगों की भागीदारी के साथ एक जन आंदोलन बन रही है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर रही है।’’
नड्डा ने कहा, ‘‘2024 में, प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और एक टिकाऊ पर्यावरण की अपील की थी। यह अभियान उसी सोच को आगे बढ़ाता है।’’
उन्होंने कहा कि यह अभियान नागरिकों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करता है, जो एक बड़े पर्यावरण उद्देश्य के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव लाता है।
नड्डा ने कहा कि यह अभियान तब से एक देशव्यापी जन आंदोलन बन गया है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों के लोग हरित क्षेत्र बढ़ाने और जलवायु कार्रवाई के बारे में जागरुकता बढ़ाने के मकसद से पौधारोपण अभियान में हिस्सा ले रहे हैं।
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश