Breaking News

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |   जिमखाना क्लब केस: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा     |   महाराष्ट्र: बारिश से नए मुंबई-गोवा हाईवे में आई बड़ी दरार, यातायात रोका गया     |   उत्तराखंड: 24 घंटे में 16mm औसत बारिश, बागेश्वर में सबसे अधिक 73.4mm रिकॉर्ड वर्षा     |   गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल     |  

राजस्थान: राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के नीरज डांगी ने नामांकन दाखिल किया

जयपुर, पांच जून (भाषा) राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीट के लिए होने वाले चुनाव में कांग्रेस की ओर से नीरज डांगी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, कांग्रेस की ओर से डांगी ने निर्वाचन अधिकारी भारत भूषण शर्मा को नामांकन पत्र पेश किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि डांगी ने तीन नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद थे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डांगी इस समय राज्यसभा के सदस्य हैं और वह 2020 में राजस्थान से राज्यसभा के लिए चुने गए थे।

दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया और राष्ट्रीय महासचिव अलका गुर्जर को उम्मीदवार घोषित किया है।

राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीट के लिए चुनाव की प्रकिया सोमवार से शुरू हो गई।

नामांकन आठ जून तक किये जा सकते हैं, नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी जबकि 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

अधिकारियों के मुताबिक, जरूरी होने पर मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा जबकि मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।

चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी हो जाएगी।

राज्य से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके मद्देनजर यह चुनाव करवाया जाएगा।

जिन सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें कांग्रेस के नीरज डांगी और भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र गहलोत तथा रवनीत सिंह हैं।

राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीट हैं।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र