Breaking News

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |   जिमखाना क्लब केस: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा     |   महाराष्ट्र: बारिश से नए मुंबई-गोवा हाईवे में आई बड़ी दरार, यातायात रोका गया     |   उत्तराखंड: 24 घंटे में 16mm औसत बारिश, बागेश्वर में सबसे अधिक 73.4mm रिकॉर्ड वर्षा     |   गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल     |  

पश्चिम मध्य रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने वाले ट्रांसजेंडरों से दो लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला

भोपाल, पांच जून (भाषा) पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के भोपाल मंडल ने यात्रियों से कथित तौर पर धन मांगकर उन्हें परेशान किए जाने की शिकायतों के बाद शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत बिना टिकट यात्रा करने वाले 346 ट्रांसजेंडरों से अब तक 2.15 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान जनवरी में शुरू किया गया था।

उन्होंने बताया कि रेलवे को शिकायतें मिली थीं कि कुछ ट्रांसजेंडर ट्रेनों में यात्रियों से धन मांगते हैं और उन्हें असुविधा पहुंचाते हैं।

पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शिकायतों के बाद शुरू किए गए अभियान के तहत अब तक 346 ट्रांसजेंडरों को बिना टिकट यात्रा करने और यात्रियों को कथित रूप से परेशान करने के आरोप में पकड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि इनसे 2.15 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। अधिकारी ने बताया कि अभियान मुख्य रूप से भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में चलाया जा रहा है।

अग्रवाल ने यात्रियों से यात्रा के दौरान उन्हें परेशान करने या धन देने के लिए दबाव बनाने पर तत्काल रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ऐसी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल टिकट नियमों का पालन सुनिश्चित करना नहीं बल्कि यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना भी है।

भाषा दिमो जितेंद्र

जितेंद्र