Breaking News

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |   जिमखाना क्लब केस: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा     |   महाराष्ट्र: बारिश से नए मुंबई-गोवा हाईवे में आई बड़ी दरार, यातायात रोका गया     |   उत्तराखंड: 24 घंटे में 16mm औसत बारिश, बागेश्वर में सबसे अधिक 73.4mm रिकॉर्ड वर्षा     |   गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल     |  

उप्र: जमीन विवाद में चाचा ने आठ साल के भतीजे की हत्या की

लखीमपुर खीरी, पांच जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में जमीन के विवाद को लेकर दो भाइयों ने अपने ही आठ साल के भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हमले में बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल हो गई और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना निघासन थाना क्षेत्र के तारानगर गांव की है।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात सियाराम और उसका भाई हरे राम हथियार लेकर अपने भतीजे रवि (आठ) के घर में घुस गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रवि की धारदार हथियार से हत्या कर दी और उसकी मां व अपनी भाभी ज्ञान देवी पर भी जानलेवा हमला किया।

हमले में ज्ञान देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं।

निघासन के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवम कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन के एक टुकड़े को लेकर पुराना पारिवारिक विवाद हमले की वजह सामने आया है।

कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों सियाराम और हरे राम को हिरासत में ले लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घायल ज्ञान देवी का इलाज जारी है।

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र