Breaking News

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |   जिमखाना क्लब केस: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा     |   महाराष्ट्र: बारिश से नए मुंबई-गोवा हाईवे में आई बड़ी दरार, यातायात रोका गया     |   उत्तराखंड: 24 घंटे में 16mm औसत बारिश, बागेश्वर में सबसे अधिक 73.4mm रिकॉर्ड वर्षा     |   गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल     |  

मप्र: रायसेन में दो बसों की टक्कर में तीन लोगों की मौत, 15 यात्री घायल

रायसेन, पांच जून (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार को दो निजी बसों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर भोपाल-रायसेन मार्ग पर सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुई। सांडोरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र दयमा ने बताया कि हादसे में तीन यात्रियों की मौत हुई है।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान माखन सिंह लोधी (29) और नितीश व्यास (28) के रूप में हुई है जबकि तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। अधिकारी ने बताया कि तीनों शवों को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

दयमा ने बताया कि दुर्घटना में कम से कम 15 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि अन्य घायलों का उपचार रायसेन जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बसें शक्ति बस सर्विस और कल्पना ट्रेवल्स की हैं।

घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक आशीष गुप्ता पुलिस बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस और राहत दल के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा सं दिमो जितेंद्र

जितेंद्र