Breaking News

पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |   जिमखाना क्लब केस: दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा     |   महाराष्ट्र: बारिश से नए मुंबई-गोवा हाईवे में आई बड़ी दरार, यातायात रोका गया     |   उत्तराखंड: 24 घंटे में 16mm औसत बारिश, बागेश्वर में सबसे अधिक 73.4mm रिकॉर्ड वर्षा     |   गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल     |  

राजस्थान: तेज आंधी औ बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत

जयपुर, पांच जून (भाषा) राजस्थान में तेज आंधी और बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में एक महिला सहित कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि तेज आंधी से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के अनेक हिस्सों में तेज आंधी आयी और बारिश हुई।

अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आंधी के कारण दीवारें गिरने से धौलपुर, भरतपुर और भीलवाड़ा जिलों में जनहानि हुई।

वहीं बीकानेर में एक सरकारी स्कूल की छत गिर गई लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस ने बताया कि भरतपुर जिले के झोरोल गांव में देर रात हुई जोरदार बारिश से एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई, जिसके नीचे दबकर 55 वर्षीय इंदिरा देवी की मौत हो गई और इस घटना में उनका दिव्यांग बेटा घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, भीलवाड़ा के बिजोलिया में ऐसे ही एक हादसे में 45 साल के देवीलाल धाकड़ की मौत हो गई।

वहीं धौलपुर के बसेड़ी इलाके में तेज आंधी से एक दीवार गिर गई और मलबे के नीचे दबने से दो भाइयों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि भरतपुर जिले के रहने वाले रामफूल सिंह और समय सिंह बकरियां चराकर घर लौट रहे थे कि तभी चली तेज आंधी से बचने के लिए वे दीवार के सहारे बैठ गये।

पुलिस के मुताबिक, दीवार उन पर गिर गई और उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस बीच मौमस विभाग के अनुसार, एक परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में आंधी व बारिश की गतिविधियां अभी जारी रहने का अनुमान है।

जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक के 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश हुई।

सर्वाधिक बारिश बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में 75 मिलीमीटर (मिमी) दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी, बारिश की गतिविधियां आगामी दो से तीन दिन जारी रहने का अनुमान है।

विभाग ने बताया कि आंधी-बारिश की गतिविधियों में आठ जून से कमी होने और तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।

विभाग के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में आठ से 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री सेल्सियस रहने व कहीं-कहीं लू चलने का अनुमान है।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र