नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दिल्ली पुलिस को डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के संबंध में अनुमति के लिए कोई अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, 'जब भी वे अनुमति मांगेंगे, हम उनके अनुरोध की पड़ताल करेंगे।'
पुलिस ने कहा कि वे स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरत पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों में कर्मियों को तैनात करने के लिए तैयार हैं।
सीजेपी ने परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छह जून को प्रदर्शन का आह्वान किया है।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस महीने की शुरुआत में अपने समर्थकों और विद्यार्थियों से दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। दिपके ने अपने समर्थकों से यह भी आग्रह किया था कि वे छह जून को उनके हवाई अड्डे आने पर वहां पहुंचें।
सोशल मीडिया पर युवाओं द्वारा संचालित मुहिम ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अपने गठन के बाद से चर्चा में है और कई सार्वजनिक हस्तियों ने इसे ‘सब्सक्राइब’ किया है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप