बेंगलुरु, पांच जून (भाषा) कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को सभी छात्रों के लिए मुफ्त बस पास योजना को लागू करने का आदेश जारी कर दिया। मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने कार्यभार संभालने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में इसकी घोषणा की थी।
कैबिनेट ने बुधवार को राज्य भर के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले सभी छात्रों को मुफ्त बस पास की सुविधा देने का फैसला किया था।
एक बयान में कहा गया, 'सरकार ने राज्य के चार परिवहन निगमों द्वारा संचालित बसों में यात्रा करने वाले सभी स्कूल और कॉलेज के छात्रों को मुफ्त बस पास की सुविधा देने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।'
इस सुविधा का लाभ कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी), बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी), उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) और कल्याण कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (केकेआरटीसी) द्वारा संचालित बसों में यात्रा करने वाले छात्र उठा सकते हैं।
सरकार ने कहा कि योजना को लागू करने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश