कोलकाता, पांच जून (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में भांगड़ विस्फोट मामले के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सौकत मोल्ला को फरार घोषित कर दिया और उनकी बड़े पैमाने पर तलाश जारी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा।
अधिकारी ने कहा कि कैनिंग पूर्ब से पूर्व विधायक मोल्ला के बारे में माना जा रहा है कि वह भूमिगत हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी के इस्तेमाल किए गए तीनों मोबाइल फोन बंद हैं और आरोपी की सभी जरूरी जानकारी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ साझा कर दी गई है ताकि वह देश छोड़कर न जा सके।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने सौकत मोल्ला को फरार घोषित करने के साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए बीएसएफ और दूसरे प्राधिकारों के साथ जरूरी जानकारी साझा की गई है।’’
अधिकारी ने कहा कि एजेंसी मोल्ला के ठिकाने के बारे में कई सुरागों पर काम कर रही है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसे संकेत हैं कि वह किसी रिश्तेदार के घर पर छिपे हो सकते हैं। कई टीमें तलाशी कर रही हैं। हमें जल्द ही उन्हें खोज लेने का भरोसा है।’’
केंद्रीय जांच एजेंसी ने बृहस्पतिवार को मोल्ला के घर, पार्टी दफ्तर और कई जगहों पर तलाशी ली और मार्च में हुए विस्फोट की जांच के तहत एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया जिससे मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या तीन हो गई।
बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया व्यक्ति उस गाड़ी का चालक है जिसका इस्तेमाल बम बनाने वालों को ले जाने के लिए किया गया था।
जांच एजेंसी की एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘एसयूवी चालक सैनूर मोल्ला की गिरफ्तारी के साथ मामले में कुल गिरफ्तारियां तीन हो गई हैं।’’
इसमें बताया गया, ‘‘अभियानों के तहत मामले के मुख्य संदिग्ध और साजिशकर्ता, फरार पूर्व विधायक सौकत मोल्ला के घर और संदिग्ध ठिकानों सहित कुल आठ जगहों पर तलाशी ली गई।’’
एनआईए अधिकारियों ने मोल्ला के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की और बाद में उनके बेटे को हिरासत में ले लिया।
भाषा वैभव नरेश
नरेश