(तस्वीरों के साथ जारी)
चेन्नई, पांच जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा।
नागेंद्रन ने कहा कि पार्टी छोड़ने और अपना नया संगठन बनाने के अन्नामलाई के फैसले से भाजपा को कोई झटका नहीं लगेगा।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘उनके (अन्नामलाई के) इस्तीफे से भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को कोई झटका नहीं लगेगा। पार्टी अपनी विचारधारा पर दृढ़ रहेगी।’’
अन्नामलाई के अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने के फैसले पर नागेंद्रन ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को राजनीतिक दल बनाने की स्वतंत्रता है।
नागेंद्रन ने इस आरोप को खारिज किया कि राज्य को महत्व नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब भी किसी देश की यात्रा पर गए, उन्होंने तमिलनाडु, उसकी विरासत और महानता के बारे में बात की।
इस बीच, मरुमलारची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके) के नेता दुरई वाइको ने भाजपा छोड़ने और अपनी पार्टी बनाने के अन्नामलाई के फैसले का स्वागत किया।
दुरई ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं अपने भाई अन्नामलाई की सफलता की कामना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि वह द्रविड़ विचारधारा के अनुरूप आगे बढ़ेंगे।’’
इससे पहले, अन्नामलाई ने शुक्रवार को भाजपा छोड़ने के बाद कहा कि उनके लक्ष्य बड़े हैं और वह समावेशी एजेंडे के साथ नयी राजनीतिक पार्टी बनाकर तमिलनाडु में अगला चुनाव लड़ेंगे।
करीब छह वर्ष तक भाजपा से जुड़े रहे अन्नामलाई ने सोशल मीडिया के जरिए कहा, ‘‘मैंने गरिमापूर्ण तरीके से भाजपा छोड़ी है ताकि एक नयी तरह की राजनीति की शुरुआत की जा सके।’’
उन्होंने कहा कि लक्ष्य बड़े हैं तथा और अधिक लोगों को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा, ‘‘आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन, एक नयी राजनीतिक मुहिम शुरू होगी।’’
अन्नामलाई ने कहा कि एक नयी पार्टी बनाई जाएगी जो राज्य में अगला चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि जिस नए आंदोलन की शुरुआत की जानी है, उसमें बुनियादी स्तर से ही नए आयाम और नए नजरिए की आवश्यकता है।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा