नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से शुक्रवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-
अर्थ35 : लीड आरबीआई
कच्चे तेल के ‘झटकों’ के बीच आरबीआई ने रेपो दर को रखा बरकरार, रुपये को थामने के लिए उठाये कदम
मुंबई, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को उम्मीद के मुताबिक प्रमुख नीतिगत दर रेपो को 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखा। इसके साथ पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, ऊर्जा की ऊंची कीमतों और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में समस्या के कारण वृद्धि और मुद्रास्फीति के बढ़ते जोखिमों के बीच विदेशी पूंजी आकर्षित करने और रुपये को समर्थन देने के लिए कई उपायों की घोषणा की।
अर्थ28 : कर लीड अध्यादेश
विदेशी पूंजी आकर्षित करने के लिए सरकारी प्रतिभूति पर कर छूट, आरबीआई ने भी उठाए कदम
नयी दिल्ली, सरकार ने रुपये पर दबाव को कम करने और विदेशी पूंजी आकर्षित करने के उद्देश्य से सरकारी प्रतिभूतियों में विदेशी निवेशकों को ब्याज आय और पूंजीगत लाभ पर आयकर से छूट दे दी है।
दि16 : दिल्ली होटल आग प्रबंधक
दिल्ली होटल अग्निकांड: पुलिस ने फरार ‘प्रबंधक' जय मिश्रा का पता लगाने की कोशिशें तेज़ कीं
नयी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग के मामले में फरार जय मिश्रा की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है। इस हादसे में 21 लोगों की जान चली गई थी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दि17 : कांग्रेस सीबीएसई
ओएसएम संबंधी अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच के लिए धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूरी: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली से जुड़ी कथित अनियमितता को लेकर शुक्रवार को कहा कि स्वतंत्र जांच के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूरी है।
प्रादे31 : भाजपा अन्नामलाई इस्तीफा
भाजपा की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया
नयी दिल्ली, तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया जिसे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्वीकार कर लिया।
प्रादे47 : नोएडा इमारत दूसरी लीड आग
नोएडा की आवासीय इमारत में लगी आग, परिवार को बचाया गया, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
नोएडा (उप्र), नोएडा के सेक्टर-75 में स्थित एक आवासीय सोसायटी की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसके बाद अंदर फंसे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एहतियातन इमारत को खाली करा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रादे25 : कर्नाटक मंत्री लीड इस्तीफा
रामलिंगा रेड्डी ने कर्नाटक के मंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की
बेंगलुरु, कांग्रेस नेता रामलिंगा रेड्डी ने कर्नाटक मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे पर नाराजगी जताते हुए शुक्रवार को मंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की।
प्रादे65 : मणिपुर लीड हिंसा
मणिपुर : कांगपोकपी में एक गांव पर सशस्त्र हमलावरों के हमले में तीन लोगों की मौत
इंफाल, मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार तड़के एक गांव पर सशस्त्र हमलावरों द्वारा किए गए हमले में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रादे71 : असम कैबिनेट विस्तार
असम कैबिनेट का हुआ विस्तार, 12 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली
गुवाहाटी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अपने मंत्रिमंडल का शुक्रवार को विस्तार किया जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रनोज पेगू, अशोक सिंघल, बिस्वजीत दैमारी और असम गण परिषद (एजीपी) के केशव महंत सहित 12 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार के साथ ही राज्य मंत्रिपरिषद में कुल सदस्य संख्या बढ़कर 17 हो गई है।
वि8 : पुतिन भारत
पुतिन ने भारत को ‘भरोसेमंद साझेदार’ बताया, भारत-रूस संबंधों में पश्चिमी दखल की आलोचना की
सेंट पीटर्सबर्ग (रूस), रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी की सराहना करते हुए कहा कि नयी दिल्ली को मॉस्को के साथ सहयोग कम करने के लिए मजबूर करने की पश्चिमी देशों की कोशिशें न केवल व्यर्थ हैं, बल्कि वैश्विक स्थिरता के लिए भी नुकसानदायक हैं।
वि7 : संरा भारत शांतिरक्षक
भारत ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों पर हमले की निंदा की
संयुक्त राष्ट्र, भारत ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों पर हुए उस हमले की निंदा की है जिसमें सर्बिया के एक शांतिरक्षक की मौत हो गई और दो अन्य शांतिरक्षक घायल हो गए।
खेल14 : खेल भारत लीड गंभीर
साईं सुदर्शन को तीसरे नंबर पर पर्याप्त मौके दिए जाएंगे: गंभीर
मुल्लांपुर, भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि साई सुदर्शन को टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के पर्याप्त मौके दिए जाएंगे क्योंकि बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के छह मैच में निराशाजनक प्रदर्शन से उनकी क्षमता का आकलन नहीं किया जा सकता है।
खेल11 : खेल भारत चयन संभावना
सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को मिल सकती है टी20 टीम की कमान
मुंबई, भारतीय चयन समिति शनिवार को यहां जब ब्रिटेन के दौरे और एशियाई खेलों के लिए टीम को अंतिम रूप देने के लिए बैठक करेगी तो श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 टीम की कप्तानी मिलना तय है।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा