Breaking News

ठाणे: पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, महिला डॉक्टर को मारा था थप्पड़     |   बिहार: सम्राट कैबिनेट की बैठक खत्म, कुल 22 एजेंडों पर लगी मुहर     |   बांग्लादेश: कॉक्स बाज़ार में रोहिंग्या कैंप में भूस्खलन, आठ लोगों की मौत     |   ईरान पर ट्रंप का बयान- शायद आज रात हम फिर हमला करेंगे     |   बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा ने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से की मुलाकात     |  

ठाणे की झील में सैकड़ों मछलियां मृत पाई गईं

ठाणे, पांच जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक झील में सैकड़ों मछलियां मृत पाई गईं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। निवासियों ने इस घटना के लिए अनुपचारित औद्योगिक अपशिष्ट को जिम्मेदार ठहराया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

डोंबिवली के महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र में स्थित मिलापनगर झील में बृहस्पतिवार को मछलियां मृत पाई गईं।

स्थानीय लोगों का दावा है कि पास की रासायनिक इकाइयों से पानी के रिसाव के कारण झील का पानी काला पड़ गया और आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है।

महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) और कल्याण-डोंबिवली नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पानी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए।

नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से झील में औद्योगिक कचरा छोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है।

मिलापनगर और आसपास के एमआईडीसी क्षेत्रों के निवासियों ने प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

एमपीसीबी अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और यदि अनुपचारित अपशिष्ट छोड़े जाने की पुष्टि होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव