Breaking News

ठाणे: पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, महिला डॉक्टर को मारा था थप्पड़     |   बिहार: सम्राट कैबिनेट की बैठक खत्म, कुल 22 एजेंडों पर लगी मुहर     |   बांग्लादेश: कॉक्स बाज़ार में रोहिंग्या कैंप में भूस्खलन, आठ लोगों की मौत     |   ईरान पर ट्रंप का बयान- शायद आज रात हम फिर हमला करेंगे     |   बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा ने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से की मुलाकात     |  

मप्र : ईवी शोरूम में आग, ऊपरी मंजिलों पर फंसे 20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच जून (भाषा) इंदौर में तीन मंजिला भवन के भू-तल पर स्थित इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के एक शोरूम में शुक्रवार को आग लग गई और इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भवन की ऊपरी मंजिलों पर फंसे करीब 20 लोगों को पड़ोसियों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र में ईवी शोरूम और उससे जुड़े मरम्मत केंद्र में उस वक्त आग लगी, जब यह प्रतिष्ठान बंद था।

चश्मदीदों ने बताया कि शोरूम के बगल में बनीं सीढ़ियां भी आग और धुएं की जद में आ गईं जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की एक बहुमंजिला इमारत के निवासी सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने आग में फंसे लोगों को छत पर पहुंचने के लिए कहा, फिर दोनों इमारतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर अस्थायी रास्ता तैयार किया गया।

चश्मदीदों ने बताया कि कुछ लोग सीढ़ियों के सहारे पड़ोस के भवन की छत तक पहुंचे, जबकि कुछ व्यक्तियों को रस्सियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया।

अग्निशमन विभाग के उप निरीक्षक बलजीत हुड्डा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

हुड्डा ने इसका खुलासा नहीं किया कि ईवी शोरूम-सह-मरम्मत केंद्र किस कंपनी का था।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण और नुकसान के सटीक आकलन के लिए जांच की जा रही है।

भाषा हर्ष मनीषा वैभव

वैभव