Breaking News

ठाणे: पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, महिला डॉक्टर को मारा था थप्पड़     |   बिहार: सम्राट कैबिनेट की बैठक खत्म, कुल 22 एजेंडों पर लगी मुहर     |   बांग्लादेश: कॉक्स बाज़ार में रोहिंग्या कैंप में भूस्खलन, आठ लोगों की मौत     |   ईरान पर ट्रंप का बयान- शायद आज रात हम फिर हमला करेंगे     |   बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा ने जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से की मुलाकात     |  

असम मंत्रिमंडल का आज विस्तार, 12 विधायक लेंगे मंत्री पद की शपथ

गुवाहाटी, पांच जून (भाषा) असम मंत्रिमंडल का शुक्रवार को विस्तार किया जाएगा, जिसमें 12 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इनमें तीन नए चेहरे भी शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को मिला कर, राज्य मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की कुल संख्या 17 हो जाएगी।

मुख्यमंत्री शर्मा और चार अन्य विधायकों ने 12 मई को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य गुवाहाटी स्थित ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर में आयोजित समारोह में नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। समारोह में मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम दोपहर 12:45 बजे शुरू होगा। 126 सदस्यीय असम विधानसभा में संविधान के अनुसार, मंत्रियों की अधिकतम संख्या 19 हो सकती है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भी दो पद रिक्त रहेंगे।

मंत्रिमंडल में शामिल किए जा रहे नए चेहरों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अश्विनी राय सरकार, नीलिमा देवी और सुशांत बोरगोहाईं शामिल हैं। इसके अलावा असम गण परिषद (एजीपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्ववर्ती राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में मंत्री रहे केशव महंत को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी भी मंत्री पद की शपथ लेने वालों की सूची में शामिल हैं।

भाजपा के विधायक अशोक सिंघल, रनोज पेगू, बिमल बोरा, जयंत मल्लबरुआ, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल और पीयूष हजारिका भी शपथ लेंगे। ये सभी पिछली हिमंत विश्व शर्मा सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

इससे पहले शपथ लेने वाले मंत्रियों में एजीपी के अतुल बोरा, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरण बोरो तथा भाजपा के अंजता नियोग और रामेश्वर तेली शामिल हैं।

विस्तारित मंत्रिमंडल में भाजपा के 13 मंत्री, एजीपी के दो और बीपीएफ का एक मंत्री होगा। मुख्यमंत्री सहित मंत्रिपरिषद की कुल संख्या 17 होगी।

मंत्रिमंडल में अंजता नियोग और नीलिमा देवी दो महिला मंत्री होंगी। पिछली मंत्रिपरिषद में भी महिला मंत्रियों की संख्या इतनी ही थी।

नया मंत्रिमंडल राज्य के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों और जातीय समुदायों का प्रतिनिधित्व करता नजर आएगा। बराक घाटी से कौशिक राय और कृष्णेंदु पॉल को प्रतिनिधित्व मिलेगा, जबकि चरण बोरो और बिस्वजीत दैमारी बोडो समुदाय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इसके अलावा रनोज पेगू मिसिंग जनजाति, अश्विनी राय सरकार कोच-राजबोंगशी समुदाय और सुशांत बरगोहाईं अहोम समुदाय से आते हैं। बोरगोहाईं और बिमल बोरा ऊपरी असम का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि अशोक सिंघल राज्य के उत्तरी क्षेत्र, पीयूष हजारिका मध्य असम और जयंत मल्लबरुआ निचले असम से हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल में हुए विधानसभा चुनाव में राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीटें जीती थीं। इनमें भाजपा को 82 सीटें मिली थीं, जबकि उसके सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

भाषा मनीषा

मनीषा