Breaking News

लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत वाली बिल्डिंग होगी ध्वस्त, कोर्ट ने जारी किए आदेश     |   बांकीपुर उपचुनाव: अब नीरज कुमार सिन्हा होंगे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी     |   शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को डॉक्टरों से मारपीट केस में 13 जुलाई तक पुलिस कस्टडी     |   चीनी राष्ट्रपति-नॉर्थ कोरियाई प्रीमियर की बैठक में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति     |   ED की ओर से बैंक खाते फ्रीज करने पर TMC ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया     |  

दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 स्थित कार्यालय भवन में लगी आग, दो दमकलकर्मी घायल

नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 में एक कार्यालय भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित बैटरी कक्ष में बृहस्पतिवार देर रात आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि उसे सावित्री सिनेमा के सामने स्थित टाटा कम्युनिकेशंस के कार्यालय में आग लगने की सूचना देर रात दो बजकर 47 मिनट पर मिली जिसके बाद दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।

डीएफएस के अनुसार, आग बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित बैटरी कक्ष तक ही सीमित रही और इससे करीब 200 वर्ग फुट क्षेत्र प्रभावित हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के दौरान दो दमकलकर्मियों के हाथ झुलस गए और उन्हें उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि आग पर सुबह करीब सात बजे काबू पा लिया गया और इसके बाद घटनास्थल को ठंडा करने का काम किया गया ताकि आग दोबारा नहीं भड़के।

इमारत में भूतल और उसके ऊपर पांच मंजिलें हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी आम व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव