Breaking News

लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत वाली बिल्डिंग होगी ध्वस्त, कोर्ट ने जारी किए आदेश     |   बांकीपुर उपचुनाव: अब नीरज कुमार सिन्हा होंगे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी     |   शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को डॉक्टरों से मारपीट केस में 13 जुलाई तक पुलिस कस्टडी     |   चीनी राष्ट्रपति-नॉर्थ कोरियाई प्रीमियर की बैठक में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर सहमति     |   ED की ओर से बैंक खाते फ्रीज करने पर TMC ने कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया     |  

कर्नाटक : मुख्यमंत्री शिवकुमार ने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया

बेंगलुरु, चार जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने एक दिन पहले शपथ ग्रहण करने वाले 13 मंत्रियों को बृहस्पतिवार को विभागों का आवंटन किया।

मुख्यमंत्री ने वित्त और कार्मिक विभाग अपने पास ही रखे हैं और प्रमुख विभागों को अपने वरिष्ठ सहयोगियों को सौंपा है। हालांकि, विभागों के बंटवारे को लेकर सत्तारूढ़ दल के भीतर कुछ असंतोष है।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, शिवकुमार के पास वित्त, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, और अन्य सभी गैर आवंटित विभागों का प्रभार है।

उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर को राजस्व विभाग के साथ-साथ युवा सशक्तीकरण और खेल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि प्रियंक खरगे को गृह विभाग आवंटित किया गया है, साथ ही उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी विभाग का प्रभार भी सौंपा गया है। सिद्धरमैया सरकार में भी उनके पास सूचना प्रौद्योगिकी विभाग था।

केजे जॉर्ज को ऊर्जा विभाग और पर्यटन विभाग का अतिरिक्त प्रभार, एमबी पाटिल को बड़े और मध्यम उद्योग विभाग, सतीश जारकीहोली को लोक निर्माण विभाग, केएच मुनियप्पा को खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग और शरण प्रकाश पाटिल को चिकित्सा शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इन मंत्रियों के पास सिद्धरमैया सरकार में भी इन्हीं विभागों की जिम्मेदारी थी।

अधिसूचना के मुताबिक, कृष्णा बायरे गौड़ा को वृहत बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) के तहत बेंगलुरु शहरी विकास विभाग सौंपा गया है।

बैराथी सुरेश को परिवहन विभाग, यू टी खादर को स्वास्थ्य विभाग, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बेटे यतींद्र सिद्धरमैया को शहरी विकास विभाग दिया गया है, जबकि ईश्वर खंड्रे को ग्रामीण विकास विभाग आवंटित किया गया है।

यतींद्र को आवंटित विभागों में शहरी जलापूर्ति और जल निकासी बोर्ड, शहरी अवसंरचना विकास और वित्त निगम, सभी शहरी विकास प्राधिकरण और स्थानीय नियोजन प्राधिकरण शामिल हैं।

भाषा धीरज सुभाष

सुभाष