रायपुर, चार जून (भाषा)छत्तीसगढ़ में नवगठित और रिक्त शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों और उपचुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने पांच अध्यक्ष पदों में से तीन पर जीत हासिल की, जबकि विपक्षी कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को घोषित परिणामों में दो पद प्राप्त किए। ये नतीजे दोनों दलों के बीच कड़ी टक्कर को इंगित करते हैं।
राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के एक बयान के अनुसार, विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों में इस सप्ताह हुए 71 पार्षद सीटों के लिए मतदान और उपचुनाव में भाजपा ने 39 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस 30 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही और दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए।
नगर निकाय और पंचायत निकायों के चुनाव और उपचुनावों के लिए एक जून को मतदान कराया गया था। शहरी निकाय चुनावों में 84.58 प्रतिशत और त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में 78.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से कराए गए शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को हुई। हालांकि, मतपत्रों के माध्यम से हुए पंचायत चुनावों के लिए मतगणना मतदान के तुरंत बाद शुरू हो गई थी, जबकि अंतिम परिणामों का संकलन और घोषणा बृहस्पतिवार को की गई।
एसईसी द्वारा घोषित नतीजों के मुताबिक भाजपा ने नगर पंचायत बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा जिला), शिवनंदनपुर (सूरजपुर जिला) और सहसपुर लोहारा (कबीरधाम जिला) में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। वहीं, घुमका नगर पंचायत (राजनांदगांव जिला) और पलारी नगर पंचायत (बालोद जिला) के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस विजयी रही।
शहरी निकाय चुनावों के मुताबिक भाजपा (39 सीटें) और कांग्रेस (30 सीटें) के बीच कड़ा मुकाबला रहा। छत्तीसगढ़ में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी लाइन के आधार पर कराए जाते हैं, जबकि पंचायत चुनाव गैर-दलीय आधार पर होते हैं।
एक जून को हुए चुनावों में शहरी स्थानीय निकायों में पांच अध्यक्ष पदों के लिए और 71 पार्षदों के लिए मतदान कराया गया।
सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए और विभिन्न नगर निकायों में 11 पार्षद सीटों के लिए उपचुनाव हुए, जबकि चार नवगठित नगर पंचायतों - घुमका, बाम्निडीह, शिवानंदनपुर और पलारी - में चार अध्यक्ष पदों और 60 पार्षद सीटों के लिए आम चुनाव हुए।
तीन स्तरीय पंचायत चुनावों में कुल 1,228 पदों के लिए चुनाव हुए। इनमें 1,136 वार्ड पंच पद, 82 सरपंच और 10 जनपद पंचायत सदस्य पद शामिल थे। 385 वार्ड पंच पदों के लिए कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ, जबकि चार नामांकन खारिज कर दिए गए। 640 वार्ड पंच पदों के लिए निर्विरोध चुनाव हुए, जबकि शेष 107 सीटों के लिए मतदान संपन्न हुआ।
भाजपा और कांग्रेस दोनों ने चुनावों में जीत का दावा किया।
भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष किरण देव ने चुनाव में प्रदर्शन के लिए मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि परिणाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और सरकार के कल्याण और विकास एजेंडा में लोगों के विश्वास को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने 762 मतों से जीत दर्ज की हैं।
देव ने कहा कि बाम्निडीह, सहसपुर लोहारा और शिवानंदनपुर नगर पंचायतों में भाजपा की जीत से पुष्टि होती है कि मतदाता सत्तारूढ़ दल के विकासोन्मुखी शासन का समर्थन कर रहे हैं।
इस बीच, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि पार्टी ने शहरी निकाय और पंचायत चुनावों दोनों में अच्छा प्रदर्शन किया है।
उन्होंने दावा किया कि विभिन्न पदों पर नवनिर्वाचित 543 से अधिक पंचायत प्रतिनिधि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार हैं।
शुक्ला ने रेखांकित किया कि कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जगदलपुर, बिलासपुर और कांकेर जैसे नगर निगमों के वार्ड में जीत दर्ज की है। इसके अलावा उन्होंने घुमका और पलारी नगर पंचायतों और शहरी निकायों में 30 पार्षद वार्डों में जीत हासिल की है।
उन्होंने दावा किया कि परिणाम भाजपा सरकार के प्रति लोगों की बढ़ती असंतोष को दर्शाते हैं।
कांग्रेस ने रेखांकित किया कि यह नतीजा 2028 के विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं के मूड में बदलाव का संकेत देता है।
भाषा धीरज माधव
माधव