जयपुर, चार जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शर्मा ने अपने आधिकारिक आवास पर लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि घटिया निर्माण और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के लिए अधिकारियों और अभियंताओं की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
शर्मा ने अधिकारियों को प्रमुख शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच संपर्क सुधारने के लिए सड़क नेटवर्क को मजबूत और विस्तारित करने के निर्देश दिए और प्रभावी निगरानी के साथ समय पर परियोजनाओं को पूरा करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की भी समीक्षा की और प्रमुख मार्गों पर संपर्क सुधारने पर चर्चा की, जिनमें जालोर–झालावाड़, श्रीगंगानगर–कोटपुतली और अजमेर–बांसवाड़ा शामिल हैं।
जयपुर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की योजनाओं पर भी चर्चा हुई, जिसमें रिंग रोड के उत्तरी हिस्से का विकास शामिल है।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि वर्तमान सरकार के दो साल से अधिक के कार्यकाल में राज्य में 48,748 किलोमीटर लंबी सड़कें विकसित व सुदृढ़ की गई हैं, जिन पर 33,195 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसमें 17,934 किलोमीटर नयी सड़कें और 1,756 गांवों को संपर्क प्रदान करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि इसकी तुलना में, पिछली सरकार के समान अवधि में 30,641 किलोमीटर सड़कें 13,400 करोड़ रुपये के खर्च से बनाई गई थीं।
शर्मा ने कहा कि बुनियादी ढांचा विकास विकास की गति तेज करने की कुंजी है और अधिकारियों को चल रही राजमार्ग तथा ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि पूरे राज्य में बेहतर संपर्क सुनिश्चित हो सके।
भाषा बाकोलिया धीरज
धीरज