Breaking News

ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार, बोला- US के रुख में बदलाव तक कोई वार्ता नहीं     |   वियतनाम में नाव हादसा, भारतीयों समेत 15 लोगों के मारे जाने की आशंका     |   ट्रंप का बड़ा एलान, बातचीत जारी रहेगी... लेकिन ईरान के साथ सीजफायर पूरी तरह खत्म     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |   मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजवर्गीय बोले- दतिया से आशुतोष तिवारी ही जीतेंगे     |  

त्रिशूर पटाखा इकाई विस्फोट में मृतकों के परिजनों को 14-14 लाख रुपये की सहायता देगी केरल सरकार

(फोटो के साथ)

तिरुवनंतपुरम, चार जून (भाषा) केरल सरकार ने इस वर्ष त्रिशूर जिले में पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 14-14 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है।

यह निर्णय मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

बैठक के बाद सतीशन ने संवाददाताओं से कहा कि यह मुआवजा दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के आश्रितों को दिया जाएगा, जिनमें डीएनए जांच के माध्यम से पहचान किए गए पीड़ितों के परिजन भी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि 21 अप्रैल को त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोडे में स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल ने पलक्कड़ जिले में धान खरीद से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की और किसानों के लंबे समय से लंबित भुगतान संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदमों को मंजूरी दी।

इस निर्णय के तहत सरकार धान खरीद से जुड़ी प्राथमिक सहकारी समितियों को 52 करोड़ रुपये की लंबित राशि जारी करने की प्रक्रिया को सुगम बनाएगी।

सरकार के इस कदम से किसानों के बकाया भुगतान का निपटारा करने और कृषि क्षेत्र में वित्तीय कठिनाइयों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में मंत्रिमंडल ने पूर्ववर्ती सरकार द्वारा विभिन्न बोर्डों और निगमों में नियुक्त अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों को हटाने को मंजूरी दी। इन रिक्त पदों पर नयी नियुक्तियां की जाएंगी।

सतीशन ने बताया कि सरकार ने केरल उच्च न्यायालय में राज्य का पक्ष रखने के लिए विशेष सरकारी अधिवक्ताओं और वरिष्ठ सरकारी अधिवक्ताओं की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है।

भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन

रंजन