Breaking News

ईरान पर अमेरिकी हमलों में भारी तबाही; 260 से ज्यादा लोग घायल, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा दावा     |   यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा समुद्री हमला, ड्रोन अटैक में 20 रूसी जहाज तबाह     |   भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया आर्थिक विकास के लिए बड़ा कदम     |   मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और डंपर की टक्कर में 4 लोगों की मौके पर ही मौत     |   परिसीमन बिल पर शरद पवार की पार्टी का बड़ा फैसला, संसद में बिल को देंगे समर्थन     |  

केरल: मंत्रिमंडल ने एडीएम नवीन बाबू की मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की

तिरुवनंतपुरम, चार जून (भाषा) केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार ने बृहस्पतिवार को कन्नूर के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) नवीन बाबू की 2024 में हुई मौत से जुड़े मामलों की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की सिफारिश की।

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया।

सतीशन ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि कैबिनेट ने नवीन बाबू की पत्नी द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन पर विचार करते हुए केंद्र सरकार से सीबीआई जांच की सिफारिश की है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा कैबिनेट ने राजस्व विभाग को बाबू की बेटी को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिलाने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया है।

बाबू के परिवार ने मामले की पुलिस जांच पर असंतोष जताते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की थी।

बाबू की मौत से 2024 में केरल में एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था।

कन्नूर जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष पीपी दिव्या इस मामले में एकमात्र आरोपी हैं।

बाबू 14 अक्टूबर 2024 को कन्नूर स्थित अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए थे।

दिव्या ने घटना से एक दिन पहले ही कन्नूर जिला कलेक्टर कार्यालय में एक सार्वजनिक विदाई समारोह में बाबू पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था।

तत्कालीन विपक्षी दलों की आलोचना का सामना करने के बाद मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की तत्कालीन सरकार ने दिव्या को उनके पद से हटा दिया था।

भाषा जितेंद्र वैभव

वैभव