Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप में तृणमूल कांग्रेस पार्षद गिरफ्तार

कोलकाता, चार जून (भाषा) कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद को एक महिला से मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वार्ड नंबर 114 के पार्षद विश्वजीत मंडल को पूर्व पुटियारी इलाके की निवासी एक महिला द्वारा एक जून को रीजेंट पार्क थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

शिकायत के अनुसार मंडल ने मार्च 2024 में एक स्कूल के पास महिला से कथित तौर पर मारपीट और छेड़छाड़ की थी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘मंडल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन पर मारपीट, छेड़छाड़, आपराधिक धमकी और अपशब्दों कहने के आरोप हैं। जांच जारी है।’’

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले माह पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद पार्षद ने उनसे गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

मंडल की गिरफ्तारी विधानसभा चुनावों के बाद राज्यभर में तृणमूल के कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई के बीच हुई है।

पिछले कुछ हफ्तों में नगर निगम के कई पार्षदों को जबरन वसूली, धमकी और भ्रष्टाचार जैसे विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।

दो जून को वार्ड नंबर 106 के पार्षद अरिजीत दास ठाकुर और वार्ड नंबर 36 के पार्षद सचिन सिंह को कथित जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया। एक दिन बाद वार्ड नंबर दो के पार्षद महेश कुमार शर्मा को जबरन वसूली और आपराधिक धमकी के आरोप में पकड़ा गया।

वार्ड नंबर 123 से तृणमूल के पार्षद सुदीप पोले को भी 23 मई को एक कथित जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया गया था।

भाषा

खारी वैभव

वैभव