Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

मप्र: गाय को बचाने के प्रयास में दीवार से टकराई विधायक की एसयूवी, लगी आग

सिवनी, चार जून (भाषा) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की ‘एसयूवी’ सड़क किनारे एक दीवार से टकरा गई और वाहन में आग लग गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब ‘एसयूवी’ चालक ने एक गाय को बचाने के प्रयास में वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार दीवार से टकरा गयी।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में विधायक बाल-बाल बच गए।

एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना जिले के धूमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंजारी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उस समय हुई, जब लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक बाबा जबलपुर से अपने गृह गांव घुरवाड़ा लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि विधायक, उनके सुरक्षाकर्मी राजू धुर्वे और चालक अन्नू वाहन में सवार थे।

अधिकारी ने बताया कि रास्ते में अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद एसयूवी सड़क किनारे स्थित बंजारी हाईस्कूल (हर्बल गार्डन) की चारदीवारी से टकरा गई।

अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के कुछ ही देर बाद वाहन में आग लग गई और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गयी।

स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से विधायक समेत सभी सवारों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

उन्होंने बताया कि तीनों को उपचार के लिए लखनादौन अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी को मामूली चोटें आईं, जबकि चालक के होंठ पर टांके लगाने पड़े हालांकि उपचार के बाद तीनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

लखनादौन के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) अपूर्वा भालावी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गाय को बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सं दिमो मनीषा जितेंद्र

जितेंद्र