Breaking News

कोलकाता समेत आसपास के जिलों में भारी बारिश, 19 जुलाई तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी     |   न्यूजीलैंड में 6.3 तीव्रता का तेज भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी     |   रोहिंग्या-बांग्लादेशी घुसपैठ नेटवर्क पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में छापेमारी     |   दिल्ली: रेखा गुप्ता कैबिनेट ने ₹400 करोड़ से अधिक की 'स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन नीति' को दी मंजूरी     |   तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया     |  

सौतेली बेटी की हत्या कर शव दफनाया : आरोपी पिता समेत दो गिरफ्तार

शाहजहांपुर (उप्र), चार जून (भाषा) शाहजहांपुर जिले में चार साल की सौतेली बेटी की कथित रूप से पीट-पीट कर हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी पिता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक माह पूर्व दफनाया गया बच्ची का शव बृहस्पतिवार को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने उनसे मिलकर शिकायत की थी कि 10 साल पहले अपने पूर्व पति से तलाक के बाद उसने चार माह पहले अखिलेश नामक व्यक्ति से शादी की थी।

उन्होंने बताया कि उसके बाद से उसका पति अखिलेश पहले पति से हुई उसकी चार साल की बेटी प्रिया को बहुत मारता-पीटता था।

दीक्षित ने बताया कि महिला का यह भी आरोप है कि अखिलेश उस पर दूसरे मर्दों से संबंध बनाने का दबाव भी डालता था।

उन्होंने बताया कि महिला ने शिकायत में कहा है कि उसके पति अखिलेश ने गत चार मई को उसकी बेटी प्रिया को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई और इलाज करने के बहाने वह बच्ची को कार में डालकर कांट थाना क्षेत्र में ले गया जहां अपने खेत में उसके शव को दफन कर दिया।

दीक्षित ने बताया कि महिला का कहना था कि गत 30 मई को वह शिकायत लेकर थाने गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वह उनके पास आई थी।

पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम से पूरे मामले की जांच कराई और उसकी रिपोर्ट पर महिला की ओर से पति अखिलेश समेत नौ लोगों के विरुद्ध बुधवार की रात रिपोर्ट दर्ज की गयी।

दीक्षित ने बताया कि मामले में अखिलेश तथा उसके पिता सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दफनायी गयी बच्ची का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

भाषा सं सलीम वैभव

वैभव